भारी मात्रा में विदेशी शराब लदी स्कॉर्पियो जब्त, तीन आरोपित हवालात में
कटिहार, 29 सितंबर (हि.स.)। जिला मद्य निषेध विभाग की टीम ने सोमवार की देर रात विशेष अभियान चलाकर पश्चिम बंगाल से तस्करी कर लाई जा रही 301.640 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान टीम ने पीछा कर शराब लदी स्कॉर्पियो को जब्त करते हुए एक मुख्य तस्कर को दबोचा, जबकि बलरामपुर चेकपोस्ट पर साइकिल से शराब ले जा रहे दो अन्य धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रास्ते स्कॉर्पियो से शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने जब संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की, तो चालक गाड़ी भगाने लगा। उत्पाद पुलिस ने पीछा कर आजमनगर थाना क्षेत्र के मानिकनगर स्थित चौर के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को पकड़ा।
वाहन की तलाशी लेने पर 301.640 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से तस्कर मिथुन कुमार (निवासी बाकिया रानीचक, थाना बरारी, जिला कटिहार) को गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य कार्रवाई में बलरामपुर जांच चौकी पर तलाशी के दौरान साइकिल सवार दो तस्करों को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों मे गोपाल सिंह एवं विश्वजीत सिंह (दोनों निवासी बलरामपुर शामिल है। इनके पास से छह बोतल बीयर और एक बोतल शराब बरामद की गई है।
मद्य निषेध विभाग ने शराब व वाहनों को जब्त करते हुए सभी गिरफ्तार आरोपितो के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

