फारबिसगंज पुलिस और एएलटीएफ ने विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज को किया गिरफ्तार
अररिया 04 अगस्त(हि.स.)। फारबिसगंज थाना पुलिस के साथ एंटी लिकर टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए राजेंद्र चौक स्थित गोपी राय के घर छापेमारी कर 18.87 लीटर विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया।
छापेमारी अभियान से पूर्व एएलटीएफ टीम फारबिसगंज थाना पहुंची और थानाध्यक्ष को अभियान की जानकारी दी गई। फारबिसगंज थाना अध्यक्ष के निर्देश पर थाना की पुलिस एवं एएलटीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान वार्ड संख्या 16 निवासी 54 वर्षीय गोपी राय पिता स्वर्गीय मधी पुरण राय के घर से चार अलग-अलग ब्रांड की कुल 18.87 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
मौके से गोपी राय को गिरफ्तार कर लिया गया।अभियान में एएलटीएफ प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, थाना के एसआई अमित राज सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

