180 लीटर विदेशी शराब के साथ स्कॉर्पियो सवार तस्कर गिरफ्तार
अररिया 12 मई(हि.स.)।मद्य निषेध विभाग की टीम ने आरएस थाना क्षेत्र के हरियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास मंगलवार दोपहर को बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो में लदे 180 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया।
उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा को मिली गुप्त सूचना पर सब इंस्पेक्टर पूजा कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अररिया फारबिसगंज मुख्य मार्ग एनएच 27 हरियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास यह कार्रवाई की।सूचना पर गठित विशेष टीम ने जब स्कॉर्पियो गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी घुमाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने वाहन में शराब होने की बात कबूल की। गिरफ्तार चालक समस्तीपुर जिला अंतर्गत सरायरंजन थाना क्षेत्र के भगवतपुर वार्ड संख्या 02 निवासी व पप्पू कुमार, पिता सुरेंद्र राय है। वाहन की तलाशी में डिक्की व पिछले सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 240 बोतलें, कुल 180 लीटर शराब बरामद हुईं।
उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि बिहार मद्य निषेध व उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

