होली व रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
होली व रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट


अररिया,28 फरवरी(हि.स.)।

फारबिसगंज आदर्श थाना परिसर में आगामी होली एवं रमजान पर्व को लेकर शनिवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक डीएसपी मुकेश कुमार साहा की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में बीडीओ संजय कुमार एवं थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में थाना क्षेत्र के चिन्हित संवेदनशील स्थानों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएसपी ने कहा कि इस वर्ष होलिका दहन, होली और रमजान का समय लगभग साथ पड़ रहा है, ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिन इलाकों में दोनों समुदायों की आबादी अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। चिन्हित स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती दल की व्यवस्था तथा सीसीटीवी व खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएसपी ने बताया कि होली के दौरान हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। होली के दौरान डीजे एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्व की आड़ में अशांति फैलाने या अफवाह फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में धारा 107 के तहत की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। डीएसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए, जो ऊपर से शांत दिखते हैं लेकिन अंदरूनी रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। थाना स्तर पर नियमित फ्लैग मार्च निकालने, अग्निशमन वाहन को अलर्ट मोड में रखने तथा शांति समिति के सक्रिय सदस्यों के संपर्क नंबर संकलित करने का निर्देश भी दिया गया।उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है। सभी धर्मों और समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

बैठक में वाहिद अंसारी, ग़ालिब आजाद, मनोज सोनी, भाजपा नेता प्रताप नारायण मंडल, जदयू नेता नौशाद आलम, मनोज जायसवाल, पार्षद नंदन ठाकुर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story