फारबिसगंज नप सशक्त स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
फारबिसगंज नप सशक्त स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित


अररिया 30 मई(हि.स.)। फारबिसगंज नगर परिषद के सशक्त स्थायी समिति की शनिवार को निर्वाची पदाधिकारी सह फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी के देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें तीनों पूर्व के सशक्त स्थायी समिति सदस्य निर्वाचित हुए। तीन सदस्यीय सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचित होने वाले सदस्यों में गणेश गुप्ता, मनोज सिंह और मो.इस्लाम रहा।

तीनों निर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने प्रतिद्वंदी को पटकनी देकर अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहे और इसके साथ ही फारबिसगंज नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी की भी नप के सियासत में बादशाहियत देखने को मिली।तीनों मुख्य पार्षद के चेहरे थे और इस चुनाव में उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी और स्टैंडिंग कमिटी के चुनाव में तीनों चेहरों के ऊपर जीत के सेहरा बंधवाकर उन्होंने दिखा दिया कि नप की सियासत में उनकी कोई सानी नहीं है।

चुनावी रिजल्ट को लेकर निर्वाची पदाधिकारी सह फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने बताया कि विजेता मनोज कुमार सिंह को 14 मत मिले,जबकि उनके प्रतिद्वंदी तन्नू प्रिया को केवल 8 मत प्राप्त हुआ।जबकि दो मत अवैध पाए गए।

वहीं विजेता रहे गणेश प्रसाद गुप्ता को कुल 12 मत हासिल हुए,जबकि इनके प्रतिद्वंदी चांदनी सिंह को 11 मत प्राप्त हुए।मात्र एक वोट के अंतर से गणेश प्रसाद गुप्ता विजयी रहे,जबकि एक मत अवैध घोषित करते हुए रद्द किया गया।

स्टैंडिंग कमिटी में जीते मो.इस्लाम को 12 मत मिले,जबकि उनके प्रतिद्वंदी इरशाद सिद्दीकी को 10 मत प्राप्त हुए।इस राउंड में भी 2 मत रद्द घोषित हुआ।

निर्वाचन प्रक्रिया के बाद फारबिसगंज एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया और उन्हें उनके पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान को लेकर बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी के साथ पुलिस बल मौजूद थे।सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में सीओ पंकज कुमार, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह, बीसीओ संजीव कुमार, अवर निर्वाची पदाधिकारी अविनाश कृष्ण, प्रधान सहायक मो.रागिब हाशमी, शमशेर आलम, मो.निजामुद्दीन, सुमन कुमार, विश्वजीत कुमार सिंह, जन्मजय कुमार मनु, कौशलेंद्र कुमार, विकास कुमार, रजनीश कुमार आदि सक्रिय रहे।

जीत के बाद पार्षदों ने एक दूसरे को माला पहनाकर एवं गुलाल अबीर लगाकर बधाई दी और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story