विधायक ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंप सिमराहा मांस फैक्ट्री को बंद करने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
विधायक ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंप सिमराहा मांस फैक्ट्री को बंद करने की मांग की


अररिया 16 अगस्त(हि.स.)। फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने अररिया सर्किट हाउस में बिहार सरकार के पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन सह अररिया जिला प्रभारी मंत्री डॉ. रामचन्द्र प्रसाद से मुलाकात कर सिमराहा स्थित मांस फैक्ट्री से जुड़े गंभीर पर्यावरणीय संकलग एवं जनहित के मुद्दों को लेकर चर्चा करते हुए मंत्री को ज्ञापन सौंपा।

विधायक ने मंत्री को बताया कि किस तरह मांस फैक्ट्री के कारण जल,वायु प्रदूषित हो रहा है और उससे आम जनमानस के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।विधायक ने मंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी फारबिसगंज के परवाहा में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में मांस फैक्ट्री को बंद किए जाने को लेकर उठाये जा रहे मांग के आलोक में अपने संबोधन में मानकों को लेकर अधिकारियों को जांच का निर्देश दिया था।बावजूद इसके न तो किसी तरह की कोई जांच हुई और न कोई प्रतिफल ही निकला।

इस दौरान विधायक ने सिमराहा क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षरित आवेदन पत्र मंत्री को सौंपते हुए ग्रामीणों की समस्याओं एवं उनकी चिंताओं से अवगत कराया तथा पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने का आग्रह किया।

विधायक मनोज विश्वास ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विषय क्षेत्र के जल, जमीन, पर्यावरण, किसानों की आजीविका और आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा है।ग्रामीणों की आवाज़ को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना और उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिकता है।जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर हर स्तर पर मजबूती से आवाज़ उठाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story