एमपीएल सीजन 3 क्रिकेट के पहले दिन खेले गए दो मैच में विक्ट्री वाइपर्स और सनहार्ट इलेवन जीता
अररिया 24 फरवरी(हि.स.)। फारबिसगंज मारवाड़ी युवा मंच की ओर से एमपीएल सीजन 3 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को पाठशाला स्कूल के खेल के मैदान में हुआ।पहले दिन दो मैच खेले गए,जिसमें विक्ट्री वाइपर्स और सनहार्ट इलेवन ने जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला फ्रेंड्स इलेवन और गत वर्ष की चैंपियन विक्ट्री वाइपर्स के बीच हुई। टॉस जीतकर विक्ट्री वाइपर्स के कप्तान बादल मुंद्रा ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया।पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्रेंड्स इलेवन ने 12 ओवर में 112 रन बनाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्ट्री वाइपर्स ने 11.4 ओवर में जीत हासिल कर ली।आकाश मुंद्रा को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 2 ओवर में 3 विकेट झटके और सिर्फ 4 गेंदों में 14 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला: सनहार्ट इलेवन और जेडएमडी इलेवन के बीच हुआ।पहले बल्लेबाजी करते हुए सनहार्ट इलेवन ने आक्रामक अंदाज दिखाया।जागृत बैद ने 35 गेंदों में 102 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली, जबकि निखिल बोथरा ने 24 गेंदों में 57 रन बनाए। टीम ने 12 ओवर में 4 विकेट पर 189 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।जवाब में जेडएमडी इलेवन की ओर से सचिन शर्मा ने 34 गेंदों में 87 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम 12 ओवर में 6 विकेट पर 151 रन ही बना सकी।इस तरह सनहार्ट इलेवन ने मुकाबला अपने नाम किया।
जागृत बैद को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

