कांग्रेस एवं युवा शक्ति ने गृह मंत्री एवं दिल्ली सरकार का किया पुतला दहन, सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस एवं युवा शक्ति ने गृह मंत्री एवं दिल्ली सरकार का किया पुतला दहन, सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग


अररिया 03 अगस्त(हि.स.)। फारबिसगंज स्टेशन चौक पर सोमवार को कांग्रेस और युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले के विरोध में गृह मंत्री एवं दिल्ली सरकार का पुतला दहन किया एवं पप्पू यादव के समर्थकों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस के छात्र नेता शेख़ तालिब ने किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित सांसद पप्पू यादव के सरकारी आवास पर कथित रूप से चाकू से हमला करने का प्रयास उनके सुरक्षा में गंभीर चूक है।

शेख़ तालिब ने कहा कि सांसद पप्पू यादव लगातार जनता के सुख-दुःख में साथ खड़े रहते हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अररिया जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने कहा कि देश में महिलाओं, बेटियों, छात्रों, युवाओं, बुजुर्गों और अब जनप्रतिनिधियों तक पर हमले की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अररिया जिला अध्यक्ष सैफ अली खान, शेख़ तालिब, सरफराज खान, सरताज बादशाह, एहतेशाम अंसारी,कामरान आलम,अमीर,सईदुल,कुंदन,दीपक,उमर खान,आदेश पासवान, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा शक्ति के कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story