पीबीएल मेले में नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाया दम,ध्वनि से संगीत और सपनों के गांव ने मारी बाजी
अररिया 04 फरवरी(हि.स.)। फारबिसगंज स्थित डायट परिसर में बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग मेले में सरकारी स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस कार्यक्रम में कुल 9 प्रखंडों से कुल 36 प्रतिभागियों ने गणित एवं विज्ञान के नवाचारों को प्रदर्शित किया, जिसमें से उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स का चयन पटना में होने वाले राज्य स्तरीय मेले के लिए किया गया।
प्रतियोगिता में गणित विषय में रानीगंज के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कामत टोल बौसी ने प्रथम, पलासी के मध्य विद्यालय चण्डीपुर ने द्वितीय और भरगामा के मध्य विद्यालय शंकरपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान विषय में रानीगंज के मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर प्रथम, फारबिसगंज के मध्य विद्यालय पूरंदाहा द्वितीय और भरगामा के मध्य विद्यालय पट्टीप्राण ने तृतीय स्थान हासिल किया।
रानीगंज के प्रोजेक्ट्स का राज्य स्तर पर पटना में 26 फरवरी को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मेले के लिए चयन किया गया।रानीगंज प्रखंड के दो प्रोजेक्ट्स गणित में नीतू और काजल की प्रस्तुति मेरे सपनों का गांव और विज्ञान में आयुष और अभिनंदन का ध्वनि से संगीत का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया।
मेले के दौरान बच्चों के मार्गदर्शन के लिए शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विशेष रूप से मध्य विद्यालय पुरन्दाहा के शिक्षक अमन पाण्डेय चर्चा का केंद्र रहे। उन्हें न केवल इस मेले में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र मिला, बल्कि हाल ही में गणतंत्र दिवस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा नवाचारी शिक्षण के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।
अमन पाण्डेय के साथ-साथ शिक्षक शैलेश कुमार श्रीवास्तव, निलेश कुमार दास, धीरज सिंह और अनूप पाठक को भी उनके सराहनीय कार्य हेतु सम्मानित किया गया। मेले को पारदर्शी और सफल बनाने में डायट प्राचार्य आफताब आलम, व्याख्याता सुरेंद्र कुमार, राकेश कुमार और अन्य व्याख्याताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडली में डायट के व्याख्याता सुरेन्द्र प्रताप सिंह, मध्य विद्यालय अमौना के राकेश कुमार,बौसी कामत टोला उत्क्रमित मध्य विद्यालय के अनुपमा कुमारी शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

