वकीलों का धरना प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी,राजनीतिक दलों का भी मिला समर्थन
अररिया 12 जून(हि.स.)।
फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकीलों का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा।नवनिर्मित टेन कोर्ट भवन के उद्घाटन,क्रिमिनल कोर्ट के शुभारम्भ तथा विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बार एसोसिएशन और अधिवक्ता संघ के धरना प्रदर्शन को अब राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिलने लगा है।
शुक्रवार को वकीलों के मांगों के समर्थन में कांग्रेस नेता एवं कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संभावित उम्मीदवार मनोज कुमार जायसवाल और राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रधान महासचिव इंजीनियर आयुष अग्रवाल भी धरना स्थल पर पहुंचकर वकीलों के साथ धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।धरना प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता हाथों में काला बिल्ला लगाकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।अधिवक्ता स्नाघके अध्यक्ष विश्वजीत प्रसाद की अध्यक्षता में फारबिसगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चंद्र वर्मा के साथ दोनों संघ के अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर शामिल हो रहे हैं।
धरना प्रदर्शन में शामिल हुए कांग्रेस नेता मनोज कुमार जायसवाल ने कहा कि वकीलों की मांगें पूरी तरह जायज है और 30 करोड की लागत से जब टेन कोर्ट भवन का निर्माण कार्य पूरा हुए लंबा समय बीत गया तो बार बार उद्घाटन को लटकाने का कोई मतलब नहीं रह जाता।
वहीं राजद नेता इंजीनियर आयुष अग्रवाल ने कहा कि सस्ता,सुगम और सुविधापूर्ण न्याय व्यवस्था को लेकर वकीलों के मांगों का नैतिक समर्थन है और उनके इस आंदोलन में वे साथ हैं।फारबिसगंज टेन कोर्ट भवन में कार्यवाही के साथ ही क्रिमिनल कोर्ट से न्यायर्थियों को समय और आर्थिक रूप से बचत होगी।
इधर धरना प्रदर्शन में शामिल वकीलों का कहना है कि फारबिसगंज व्यवहार न्यायालय में नव निर्मित टेन कोर्ट भवन का शीघ्र उद्घाटन कर क्रिमिनल कोर्ट का संचालन शुरू किया जाय।साथ ही वकालतखाना के निर्माण सहित अन्य वकीलों की मांग पर अविलंब कार्रवाई होनी चाहिए।वकीलों का कहना है कि इस बार जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती,तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के महासचिव गोपाल प्रसाद मंडल, राकेश कुमार दास, अनिल सिन्हा, विजय निराला, उर्मिला जैन, रीता देवी, शशि सुमन, मदन लाल गुप्ता,अधिवक्ता संघ के महासचिव सुरेश साह,सुमन ठाकुर,संतोष दास,सिराजुद्दीन मंसूरी, राहुल रंजन, कपिल देव मेहता, मो. मुसब्बिर आलम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

