फारबिसगंज दवा व्यवसायी संघ के चुनाव हेतु नामांकन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
फारबिसगंज दवा व्यवसायी संघ के चुनाव हेतु नामांकन शुरू


अररिया 13 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन का सत्र 2026- 29 के लिए होनेवाले संगठनात्मक चुनाव हेतु नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है।चुनाव में संघ के 667 सदस्य आगामी सत्र हेतु अध्यक्ष ,सचिव, कोषाध्यक्ष, संगठन सचिव, उपाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव को गुप्त मतदान के द्वारा चुने जाएंगे।

बीसीडीए द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में आगामी 5 अप्रैल को मतदान होगा।बिहार केमिस्टस एंड ड्रगिस्टस एसोसिएशन के संविधान में निर्दिष्ट प्रावधानों के आलोक में इस चुनाव हेतु गठित चुनाव संचालन समिति के मुख्य चुनाव पदाधिकारी संदीप डाबड़ी वाला एवं मार्गदर्शक विनोद सरावगी ने चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देशों को लेकर बयान जारी किया है। जिसके अनुसार प्रत्याशी को अपने साथ एक प्रस्तावक और समर्थक के साथ को नामांकन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज के रूप में अपने फर्म की लाइसेंस, लाइसेंस के अघतन नवीकरण,सदस्यता शुल्क की रसीद,आधार कार्ड की स्वयं हस्ताक्षरित छाया प्रति और एक पासपोर्ट साइज की फोटो देनी होगी। एक सदस्य किसी एक ही पद के लिए प्रत्याशी हो सकता है ।

फर्म की संचालक महिला या बुजुर्ग होने की स्थिति में संगठन के कार्यों एवं चुनाव के लिए प्रतिष्ठान के मालिक अपने पति ,पत्नी ,पुत्र एवं सगे भाई में से किसी एक को नामित कर सकते हैं,इसके लिए कोर्ट से सत्यापित शपथ पत्र दाखिल करना पड़ेगा। प्रत्याशी का प्रतिष्ठान कम से कम लगातार पिछले छह वर्षों के लिए कार्यरत रहना चाहिए।

मतदान हेतु मतदाता को अपनी सदस्यता शुल्क की रसीद साक्ष्य के रूप में चुनाव पदाधिकारी को दिखानी पड़ेगी।किसी भी तरह की विवाद की स्थिति में चुनाव आयोग का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य माना जाएगा एवं उसकी वैधता को किसी प्रकार की चुनौती नहीं दी जा सकेगी ।नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद संघ के वरिष्ठ सदस्य आम सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। आम स्थिति नहीं बनने की स्थिति में मतदान पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 5 अप्रैल रविवार को श्री सिद्धसागर भवन में होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story