सड़क हादसे में फारबिसगंज और सिमराहा के अपर थानाध्यक्ष घायल,एक रेफर
अररिया 22 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया-फारबिसगंज मुख्य मार्ग में एनएच-27 के डोरिया-सोनापुर के समीप गुरुवार को अनियंत्रित डंपर ट्रक ने बाइक सवार दो पुलिस पदाधिकारियों को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में दोनों पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची सिमराहा पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।जहां से एक की नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर पूर्णिया रेफर कर दिया गया।घायलों की पहचान फारबिसगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता और सिमराहा थाना के अपर थानाध्यक्ष संतोष कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोशी स्नातक चुनाव को लेकर अररिया स्थित खेल भवन में आयोजित ब्रीफिंग में शामिल होने के लिए दोनों पुलिस पदाधिकारी बाइक से एक साथ अररिया जा रहे थे।इसी दौरान एनएच-27 पर डोरिया-सोनापुर के समीप एक अनियंत्रित डंपर ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अररिया नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती, पुलिस अवर निरीक्षक बबीता कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक पुष्कर कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे।
अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

