कटिहार में पहली बार आयोजित हुई जिला फुटबॉल रेफरी परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में पहली बार आयोजित हुई जिला फुटबॉल रेफरी परीक्षा


कटिहार में पहली बार आयोजित हुई जिला फुटबॉल रेफरी परीक्षा


कटिहार, 02 अगस्त (हि.स.)। जिला फुटबॉल संघ कटिहार की ओर से रविवार को तेजा टोला स्थित अंकुरम विद्यालय परिसर में जिले की पहली फुटबॉल रेफरी परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने शारीरिक (फिजिकल) और लिखित परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले रेफरी ही आगामी बिहार पैनल रेफरी परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे।

जिला फुटबॉल संघ के महासचिव दिलीप कुमार साह उर्फ भोला ने बताया कि कटिहार जिला इतिहास में यह पहला अवसर है जब इस तरह की रेफरी परीक्षा का औपचारिक आयोजन किया गया है। परीक्षा में सुनील हेम्ब्रम (कोलासी), संजय टुड्डू (मनिहारी), शुभाष सोरेन (प्राणपुर), आशिष सोरेन (कोलासी), अनिल सोरेन (बलरामपुर) और संजय सोरेन (बलरामपुर) सहित कई अन्य प्रतिभागियों ने अपनी दावेदारी पेश की।

परीक्षा का संचालन बिहार पैनल रेफरी एवं एचओआर रेफरी कटिहार संजय कुमार द्वारा किया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बिहार पैनल के अन्य प्रतिष्ठित रेफरी—शुभम कुमार राजा, गोपाल सिंह, सुनील मुर्मू और शैलेश सोरेन विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही, संघ के कोषाध्यक्ष व वरिष्ठ फुटबॉलर उदय साधुखां तथा उपाध्यक्ष सह वरिष्ठ खिलाड़ी हीरालाल की गरिमामयी उपस्थिति में परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

संघ ने आगे की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस परीक्षा में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को आगामी 6 अगस्त से कंचन केशरी (आज़मनगर) की देखरेख में शुरू होने वाले जिला फुटबॉल लीग मैच के दौरान प्रैक्टिकल परीक्षण कराया जाएगा। इस प्रैक्टिकल परीक्षा के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद ही अभ्यर्थियों को जिला फुटबॉल रेफरी परीक्षा पास प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story