बिड़ला ओपन माइंड्स विद्यालय में अंतर-सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, फ्रेटरनिटी हाउस बना विजेता

WhatsApp Channel Join Now
बिड़ला ओपन माइंड्स विद्यालय में अंतर-सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, फ्रेटरनिटी हाउस बना विजेता


भागलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बिड़ला ओपन माइंड्स विद्यालय, भागलपुर में आयोजित अंतर-सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को बड़े ही उत्साह, उमंग एवं रोमांच के साथ हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जस्टिस हाउस (ग्रीन हाउस) एवं फ्रेटरनिटी हाउस (रेड हाउस) के बीच खेला गया।

इसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, जोश और टीम भावना का परिचय दिया। कड़े मुकाबले में फ्रेटरनिटी हाउस ने 0-1 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खेल के मैदान में दर्शकों के बीच विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह अंत तक उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानाचार्य राकेश कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं है। यह विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में धैर्य एवं साहस बनाए रखने की सीख देता है। एक सच्चा खिलाड़ी वही होता है, जो मैदान पर अपनी पूरी ताकत और क्षमता का प्रदर्शन करे, लेकिन साथ ही खेल भावना और प्रतिद्वंद्वी के सम्मान को भी सर्वोपरि रखे।

उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विद्यालय में खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story