त्योहारों की थाली पर खाद्य सुरक्षा का पहरा, सीवान में छापेमारी में खुली लापरवाही की पोल

WhatsApp Channel Join Now
त्योहारों की थाली पर खाद्य सुरक्षा का पहरा, सीवान में छापेमारी में खुली लापरवाही की पोल


त्योहारों की थाली पर खाद्य सुरक्षा का पहरा, सीवान में छापेमारी में खुली लापरवाही की पोल


सीवान, 01 नवंबर (हि.स.)।

दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है।

रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कचहरी ढाला के समीप संचालित पवन बिरियानी में छापेमारी की तो खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी की कई गंभीर बातें सामने आईं। प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार का वैध लाइसेंस नहीं था।

भोजन तैयार करने के लिए व्यवस्थित किचेन तक उपलब्ध नहीं मिला। मटन और चिकेन खुले में तैयार किए जा रहे थे, जबकि भोजन को धूल, गर्दा और मक्खियों से बचाने का कोई समुचित इंतजाम नहीं था। जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देश पर 'थाली शुद्ध होबे हमार, छठ-दीपावली' अभियान के तहत एक से सात नवंबर तक जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के पहले दिन निरीक्षी पदाधिकारी संतोष कुमार सिन्हा और खाद्य संरक्षा पदाधिकारी डॉ. विपुल कुमार की टीम ने शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। पवन बिरियानी की जांच में संचालक खाद्य कारोबार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। डॉ. विपुल कुमार के अनुसार, प्रतिष्ठान न तो होटल-रेस्टोरेंट श्रेणी में पंजीकृत है और न ही ठेला-खोमचा श्रेणी में इसका लाइसेंस मिला। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर बिरियानी तैयार कर ग्राहकों को परोसी जा रही थी। जांच के दौरान ग्राहकों को दिए जा रहे बोतलबंद पानी पर बैच नंबर और आवश्यक विवरण भी नहीं मिले।

भोजन बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे तेल की गुणवत्ता भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। दुकान संचालक पवन ने सफाई देते हुए कहा कि वह लंबे समय से इसी तरह भोजन परोस रहे हैं और ग्राहक इसे पसंद करते हैं। हालांकि, उन्होंने सड़क किनारे दुकान होने के कारण धूल और मक्खियों की आशंका स्वीकार की। खाद्य सुरक्षा टीम ने पवन बिरियानी के अलावा अपूर्वा स्वीट्स, कुमार स्वीट्स, प्रिया स्वीट्स, हरिलाल रेस्टोरेंट और जैन स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों की भी जांच की।

डॉ. विपुल कुमार ने बताया कि जांच के दौरान विभिन्न दुकानों में अनियमितताएं मिली हैं। संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर नियमानुसार फॉर्म-V-A भरा गया है। नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों के निर्धारित मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने सहित विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पवन बिरियानी के विरुद्ध भी सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई भी हो सकती है। अभियान के लिए प्रखंडवार मजिस्ट्रेट और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीमें गठित की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story