बाढ़ के बीच मवेशियों तक पहुंचा चारा, डीएम की तत्परता से पीड़ितों को मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ के बीच मवेशियों तक पहुंचा चारा, डीएम की तत्परता से पीड़ितों को मिली राहत


कटिहार, 13 सितंबर (हि.स.)। कटिहार जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाने की कड़ी में रविवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उफनती गंगा नदी को नाव से पार कर गोबराही दियारा में पशुचारा पहुंचाया गया। कुरसेला प्रखंड अंतर्गत गंगा पार स्थित इस अत्यंत दुर्गम इलाके में बाढ़ पीड़ितों और उनके मवेशियों की समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित गति से यह राहत सामग्री रवाना की।

विदित हो कि गोबराही दियारा क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों का दर्द जानने और जमीनी हकीकत परखने के लिए बीते दिनों जिलाधिकारी स्वयं खेरिया घाट से गंगा की तेज लहरों के बीच नाव की सवारी कर गोबराही दुर्गा स्थान टोला पहुंचे थे। उन्होंने दुर्गा स्थान टोला और घाट टोला का सघन भ्रमण कर जलमग्न बस्तियों, विस्थापित परिवारों की स्थिति और पशुचारे की उपलब्धता का प्रत्यक्ष जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को हर जरूरी सहायता बिना किसी देरी के उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया था।

कुरसेला प्रखंड की पूर्वी और दक्षिणी मुरादपुर पंचायत का अभिन्न हिस्सा होने और गंगा नदी के उस पार बसे होने के कारण गोबराही दियारा में प्रशासनिक मदद व राहत सामग्री पहुंचाना हमेशा से एक बड़ी भौगोलिक चुनौती रहा है। बाढ़ के बीच जिलाधिकारी के स्वयं मौके पर पहुंचने और जमीनी स्तर पर राहत कार्य शुरू कराने से दियारा में फंसे सैकड़ों परिवारों में उम्मीद और भरोसा जगा है।

प्रशासन ने भौगोलिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए गोबराही दियारा के ग्रामीणों के लिए नियमित रूप से बड़ी सरकारी नावें तैनात कर दी हैं। इन नौकाओं के जरिए दियारा वासियों को मुख्य भू-भाग तक आवागमन, सुरक्षित निकासी और राशन सहित दैनिक उपयोग की सामग्रियों की ढुलाई में सहूलियत मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story