नेपाल की बारिश से कुशेश्वरस्थान पूर्वी में बढ़ा बाढ़ का खतरा
दरभंगा, 13 जुलाई (हि.स.)।
जिले के कुशेश्वरस्थान के नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में साफ दिखने लगा है। कोशी और कमला बलान नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से कमला बलान के पश्चिमी तटबंध के पूर्ववर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। इससे इटहर, उसरी, उजुआ सिमरटोका और तिलकेश्वर पंचायत के निचले क्षेत्र पानी से घिर गए हैं और जनजीवन प्रभावित हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी इटहर, चौकिया और लक्ष्मिनियाँ गांव के लोगों को हो रही है। संपर्क सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्रामीणों के लिए अब नाव ही आवाजाही का एकमात्र साधन बचा है। दवा, राशन, दूध समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति भी नाव के सहारे हो रही है।
तिलकेश्वर पंचायत के गोलमा गांव में निर्माणाधीन पुल का कार्य भी तेज बहाव के कारण प्रभावित हुआ है। जलस्तर बढ़ने से निर्माण सामग्री बहने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पुल निर्माण में विलंब हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी तेजी से गांवों की ओर बढ़ रहा है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से नाव परिचालन की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। मजबूरन लोग निजी स्तर पर नाव की व्यवस्था कर रहे हैं।
इधर, नवपदस्थापित अंचलाधिकारी राकेश रौशन भारती ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नाव परिचालन शुरू कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से नदी किनारे नहीं जाने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

