राहत सामग्री की मांग को लेकर अंचल कार्यालय में बाढ़ पीड़ितों का भारी हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
राहत सामग्री की मांग को लेकर अंचल कार्यालय में बाढ़ पीड़ितों का भारी हंगामा


भागलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)।

जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हजारों पीड़ित परिवारों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। राहत सामग्री न मिलने से नाराज बाढ़ प्रभावित ग्रामीण बड़ी संख्या में अंचल कार्यालय पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।

विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने मोर्चा संभाला और काफी देर तक कार्यालय परिसर में बवाल काटा। आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे पिछले चार-पांच दिनों से बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित घरों में तीन से चार फीट तक पानी घुस चुका है।

स्थिति इतनी भयावह है कि लोगों के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों का आरोप है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय प्रशासन द्वारा उन्हें किसी भी प्रकार की राहत सामग्री या पॉलिथीन तक उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे उनका जीवन पूरी तरह संकट में है।

काफी देर तक चले हंगामे और प्रदर्शन के बाद बाढ़ पीड़ितों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई ठोस या तत्काल लिखित आश्वासन नहीं दिया गया।

अधिकारियों ने पीड़ितों को समझाते हुए केवल इतना कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का आकलन किया जा रहा है और बहुत जल्द सभी प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रशासन के इस मौखिक आश्वासन के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ, लेकिन ग्रामीणों में अब भी भारी असंतोष व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story