पानी घटने के बाद भी थम नहीं रहा बाढ़ पीड़ितों का संघर्ष, तटबंधों का हुआ हवाई सर्वे
भागलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। गंगा नदी का जलस्तर कम होने से रिहायशी इलाकों और घरों के आंगन से तो पानी लौट गया है, लेकिन बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। निचले इलाकों और खेतों में अब भी भारी मात्रा में बाढ़ का पानी जमा है, जिससे खरीफ फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बाढ़ का सीधा असर राजस्व पर भी पड़ा है।
भागलपुर बायपास पर जलजमाव और यातायात ठप होने की वजह से टोल टैक्स कलेक्शन में करीब 79% की भारी गिरावट दर्ज की गई है। बाढ़ की स्थिति और सुरक्षात्मक उपायों की समीक्षा करने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवगछिया के संवेदनशील काजीकोरैया तटबंध का हवाई सर्वे किया। इसके बाद नेताओं ने राहत शिविरों का दौरा कर पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं, भोजन और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया।
सरकारी सहायता के बीच सामाजिक संस्थाएं भी मदद के लिए आगे आई हैं। बाढ़ राहत शिविरों में रह रही महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्वयंसेवी युवाओं और प्रसिद्ध कलाकार आदर्श आनंद की टीम द्वारा बड़े पैमाने पर सैनिटरी पैड का वितरण किया गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

