कटिहार में बाढ़ से 4.75 लाख आबादी अब भी प्रभावित, 94 सामुदायिक रसोई और 122 नावें राहत कार्य में जुटीं

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले में गंगा, कोसी, बरंडी और कारी कोसी नदियों के उफान से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से वर्तमान में 7 प्रखंडों की 4 लाख 75 हजार से अधिक आबादी प्रभावित है।

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जिले में अब तक कुल 9 लाख 39 हजार 766 लोग बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि, राहत कार्यों को तेज करते हुए प्रशासन द्वारा वर्तमान में 94 सामुदायिक रसोइयां संचालित की जा रही हैं, जहां प्रतिदिन करीब 1.65 लाख लोगों को भोजन कराया जा रहा है। जिले में आवागमन के लिए 122 नावें लगाई गई हैं।

7 प्रखंडों के 256 गांव और 33 पंचायतें वर्तमान में घिरीं

बाढ़ से जिले के कुरसेला, बरारी, मनिहारी, अमदाबाद, मनसाही, समेली और प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत 33 पंचायतों के 256 गांव तथा 3 नगर निकायों के 318 वार्ड पानी से घिरे हुए हैं। बाढ़ के कारण किसानों को भी भारी क्षति पहुंची है। कुल 6,843 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसमें से 2,234 हेक्टेयर में लगी फसलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे किसानों को लगभग 379.78 लाख (3.80 करोड़) रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

66 लाख से अधिक भोजन परोसा गया, 122 नावें तैनात

बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने अब तक कुल 458 सामुदायिक रसोइयां खोली थीं, जिनमें से वर्तमान में 94 क्रियाशील हैं। रविवार को 1,65,592 लोगों (दोपहर में 87,184 और रात में 78,408) ने इन रसोइयों में भोजन किया। अब तक जिले में कुल 66 लाख 24 हजार 562 लोगों को भोजन कराया जा चुका है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 2 मोटरबोट, 40 सरकारी नावें और 80 निजी नावें (कुल 122 नावें) संचालित हैं। राहत की बात यह है कि जिले में बाढ़ से किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि दर्ज नहीं की गई है।

स्वास्थ्य कैंपों में 1580 लोगों का इलाज, 92.53 करोड़ की जीआर सहायता

संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 25 सचल स्वास्थ्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां रविवार को 1,580 मरीजों का इलाज किया गया (अब तक कुल 30,726 लोग लाभान्वित)। इसके अलावा 533 हैलोजन टैबलेट और 59 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। पशुओं के उपचार के लिए 4 पशु चिकित्सा कैंप कार्यरत हैं, जिनमें 138 पशुओं का इलाज हुआ।

प्रशासन द्वारा अब तक ₹7,000 प्रति परिवार की दर से बाढ़ पीड़ितों के बीच कुल ₹92,53,65,000 की अनुग्रह राहत (जीआर) राशि वितरित की जा चुकी है। साथ ही अब तक कुल 81,904 पॉलिथीन शीट्स और 759.30 क्विंटल भूसा मवेशियों के चारे के लिए उपलब्ध कराया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story