बाढ़ निरोधक एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
सारण, 06 जून (हि.स.)। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन सारण ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सोनपुर प्रखंड के सबलपुर क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा चलाए जा रहे बाढ़ निरोधक एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया और अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को बताया गया कि क्षेत्र में कुल 12 संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जाने हैं, जिनमें से फिलहाल 6 स्थलों पर लगभग 150 मजदूरों के साथ काम चल रहा है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी एजेंसी को श्रमिकों और मशीनों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी 12 स्थलों पर एक साथ काम शुरू किया जाए, ताकि जून माह के अंत तक निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा हो सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने तटबंध के 1.8 किलोमीटर लंबे अत्यंत संवेदनशील हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित करने को कहा।
कार्यों की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि ठेकेदार के लिए प्रतिदिन का कार्य लक्ष्य निर्धारित कर उसकी समीक्षा की जाए। इसके साथ ही सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को पुलिस बल व दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर रोजाना प्रगति की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने आबादी वाले क्षेत्रों और तटबंध के अग्रभाग के पास पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग एवं अन्य सुरक्षा सामग्रियों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनके सुझाव और समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जन-धन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

