बाढ़-सुखाड़ से पहले अलर्ट मोड में कटिहार प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़-सुखाड़ से पहले अलर्ट मोड में कटिहार प्रशासन


कटिहार, 21 अप्रैल (हि.स.)। मानसून से पहले ही कटिहार जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े सभी एसडीओ, सीओ और प्रखंड नोडल अफसरों को बाढ़, सुखाड़ और आगलगी से निपटने की तैयारी समयबद्ध पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया।

बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन ने पीपीटी के जरिए तैयारी के 20 अहम बिंदु रखे। इसमें वर्षामापक यंत्रों की मरम्मत, बाढ़ संभावित क्षेत्रों का नजरी नक्शा, नाव-लाइफ जैकेट का इंतजाम, राहत-बचाव दल का गठन, शरण स्थल और सामुदायिक रसोई की पहचान, तटबंधों की सुरक्षा, सड़कों की मरम्मत, संचार योजना, आकस्मिक फसल योजना और बाढ़ पूर्व तैयारी का स्कोर कार्ड शामिल रहे।

डीएम ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से काम करें। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, नाव, मोटरबोट, लाइफ जैकेट की उपलब्धता और सामुदायिक रसोई व आश्रय स्थल पहले से तैयार रखें। उन्होंने तटबंधों की सुरक्षा, सड़कों की मरम्मत, वेंट की सफाई और संचार प्रणाली दुरुस्त करने को कहा। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को 24x7 एक्टिव रखने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल मेडिकल टीम और जरूरी दवाओं का स्टॉक रखने, पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सा सेवा और चारा का इंतजाम करने तथा आपूर्ति विभाग को खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। नाविकों की लंबित मजदूरी और नावों के बकाया भाड़े का भुगतान जल्द करने का निर्देश भी दिया गया।

डीएम ने साफ किया कि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी विभाग अलर्ट रहें। आमजन को भी जागरूक किया जाए। समुदाय और साझेदारों के प्रशिक्षण पर जोर दिया गया।

बैठक में डीएम आशुतोष द्विवेदी के साथ अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुमार धनंजय, अपर समाहर्ता राजस्व विनोद कुमार, नगर आयुक्त, डीटीओ, सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी, एसडीओ, बीडीओ और सीओ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story