कटिहार में बाढ़ पीड़ितों को राहत: अब तक 61.90 लाख लोगों ने किया भोजन, 217 सामुदायिक रसोई अब भी संचालित
कटिहार, 19 सितंबर (हि.स.)। कटिहार जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर चलाए जा रहे राहत अभियान के तहत अब तक कुल 61 लाख 90 हजार 691 बाढ़ पीड़ित सामुदायिक रसोई में भोजन कर चुके हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्रशाखा द्वारा जारी ताजा समेकित प्रतिवेदन के अनुसार, जिले के 7 प्रभावित प्रखंडों में कुल 458 सामुदायिक रसोई स्थापित की गई थीं। इनमें से कई इलाकों में बाढ़ का पानी उतरने और स्थिति में सुधार होने के बाद 241 रसोई को बंद कर दिया गया है, जबकि अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पीड़ितों की सुविधा के लिए 217 सामुदायिक रसोई अब भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, 17 सितंबर को संचालित 217 केंद्रों पर दिन और रात मिलाकर कुल 3 लाख 82 हजार 799 लोगों ने भोजन ग्रहण किया। दिन के समय 2,00,331 लोगों ने भोजन किया, जिसमें 70,644 पुरुष, 65,331 महिलाएं और 64,356 बच्चे शामिल थे। वहीं रात के समय कुल 1,82,468 लाभार्थियों को भोजन कराया गया, जिनमें 64,070 पुरुष, 59,818 महिलाएं और 58,580 बच्चे शामिल रहे।
प्रखंडवार स्थिति की बात करें तो अमदाबाद प्रखंड सबसे अधिक प्रभावित रहा है, जहां वर्तमान में सर्वाधिक 69 सामुदायिक रसोई संचालित हैं और 47 बंद की गई हैं; यहाँ अब तक रिकॉर्ड 20 लाख 80 हजार 815 लोगों को भोजन कराया जा चुका है। मनिहारी प्रखंड में कुल 135 रसोइयों में से 47 चालू हैं और 88 बंद हो चुकी हैं, जहाँ 16 लाख 9 हजार 694 लोग लाभान्वित हुए हैं। बरारी में 70 में से 43 रसोई संचालित हैं तथा 27 बंद हैं, जहाँ 12 लाख 28 हजार 698 लोगों ने भोजन प्राप्त किया। कुरसेला में 68 में से 40 रसोई सक्रिय हैं और 28 बंद हैं, जहाँ कुल लाभार्थियों की संख्या 8 लाख 91 हजार 932 दर्ज की गई है।
इसके अलावा प्राणपुर प्रखंड में 45 में से 17 रसोई चल रही हैं और 28 बंद हैं, जहाँ 2 लाख 25 हजार 321 लोगों को राहत मिली है। मनसाही प्रखंड में स्थिति काफी हद तक सामान्य होने से 6 में से मात्र 1 रसोई चालू रखी गई है और 5 बंद कर दी गई हैं, जहाँ अब तक 57 हजार 905 लोग भोजन कर चुके हैं। समेली प्रखंड में बाढ़ का पानी पूरी तरह उतर जाने के कारण सभी 18 रसोइयों को बंद कर दिया गया है, जहाँ अभियान के दौरान कुल 96 हजार 326 लोगों ने भोजन किया था।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

