संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर तैयारियों की हुई समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर तैयारियों की हुई समीक्षा


भागलपुर, 22 जून (हि.स.)। भागलपुर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी आठ जिलों में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयुक्त, मुंगेर सह भागलपुर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, बेगूसराय एवं शेखपुरा जिलों द्वारा की गई तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान अधिष्ठापित वर्षा मापक यंत्रों के संचालन की स्थिति, संकटग्रस्त व्यक्तियों के समूहों की पहचान, तटबंधों की सुरक्षा तथा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की प्रगति की जानकारी ली गई।

इसके अतिरिक्त नावों की उपलब्धता, तैयार खाद्य सामग्री की आपूर्ति के लिए निविदा की स्थिति एवं चयनित एजेंसियों का विवरण, पॉलिथीन शीट्स की व्यवस्था, चिन्हित बाढ़ आश्रय स्थलों की तैयारी, सामुदायिक रसोई की संख्या तथा उनके संचालन की रूपरेखा की भी समीक्षा की गई।

आयुक्त ने निर्देश दिया कि संभावित आपदा की स्थिति में विशेष रूप से संकटग्रस्त व्यक्तियों, जिनमें दिव्यांगजन, निराश्रित व्यक्ति, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति, बच्चे, वृद्धजन, गर्भवती महिलाएँ एवं धात्री माताएँ शामिल हैं, की पूर्व पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उनके लिए आवश्यक सहायता एवं राहत की समुचित व्यवस्था की जाए। बैठक में आवश्यक मानव दवाओं की उपलब्धता, मोबाइल मेडिकल टीम एवं मेडिकल कैंप की तैयारी, पशु चारा एवं पशु औषधियों की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, महाजाल की स्थिति, सड़कों की मरम्मत, जिला परिवहन योजना का गठन, आकस्मिक फसल योजना, संपूर्ति पोर्टल के अद्यतीकरण, नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा जनरेटर एवं पेट्रोमैक्स की व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ, ताकि आपदा की स्थिति में आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story