नेपाल में भारी बारिश से बाढ़ की आशंका, सीवान में जिला प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now


सीवान, 26 अगस्त (हि.स.)। नेपाल और तिब्बत में भारी वर्षा तथा ग्लेशियर आउटबर्स्ट की आशंका के बीच वाल्मीकिनगर बैराज और गंडक नदी में जलप्रवाह बढ़ने से संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर सिवान जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।

बुधवार की शाम जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपातकालीन समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अधिकारियों को वर्ष 2020 के बाढ़ के अनुभव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। उस दौरान सारण तटबंध में रिसाव और टूटने के कारण सिवान के बसंतपुर, लकड़ी नवीगंज, गोरेयाकोठी, भगवानपुर हाट और बड़हरिया अंचल प्रभावित हुए थे।

जिलाधिकारी ने इन पांचों अंचलों में 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को गोपालगंज प्रशासन तथा तटबंध से जुड़े अभियंताओं के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और सारण तटबंध की स्थिति के साथ-साथ बैकवाटर के प्रभाव पर नजर रखने को कहा गया है।

संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को सरकारी एवं निजी नाव, गोताखोर तथा ऊंचे स्थानों पर चिन्हित आपदा शरण स्थलों को तैयार रखने का निर्देश दिया गया। निचले और दियारा क्षेत्रों में माइकिंग कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने का संदेश देने को भी कहा गया है।

सिविल सर्जन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश की दवा, ओआरएस, हैलोजन टैबलेट और ब्लीचिंग पाउडर का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और टीकाकरण की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया। वहीं विद्युत, पीएचईडी, पथ निर्माण और ग्रामीण कार्य विभाग को बाढ़ अथवा जलजमाव की स्थिति में पेयजल, बिजली और सड़क संपर्क बाधित नहीं होने देने के लिए त्वरित कार्रवाई दल को तैयार रखने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और किसी भी तरह की भ्रामक या अफवाहपूर्ण सूचना पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष कार्यरत है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल सूचना देने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।

नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06154-242000 है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story