संभावित बाढ़-2026 को लेकर कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
संभावित बाढ़-2026 को लेकर कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा


संभावित बाढ़-2026 को लेकर कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा


सुपौल, 07 अप्रैल (हि.स.)। संभावित बाढ़-2026 की तैयारी को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जल संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे कटाव निरोधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूर्वी तटबंध प्रमंडल वीरपुर, पूर्वी तटबंध प्रमंडल वीरपुर-02, पूर्वी तटबंध प्रमंडल सुपौल, पश्चिमी तटबंध प्रमंडल निर्मली तथा शीर्ष कार्य प्रमंडल वीरपुर के कार्यपालक अभियंताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी तटबंध प्रमंडल वीरपुर द्वारा 15 स्थलों पर, पूर्वी तटबंध प्रमंडल वीरपुर-02 द्वारा 10 स्थलों पर, पूर्वी तटबंध प्रमंडल सुपौल द्वारा 5 स्थलों पर तथा शीर्ष कार्य प्रमंडल वीरपुर द्वारा 20 स्थलों पर कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। समीक्षा के दौरान कुछ स्थलों पर कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को विभागीय निर्देशानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी कटाव निरोधी कार्यों को समय पर पूरा करना आवश्यक है, ताकि तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story