छपरा में नगरपालिका उप निर्वाचन के लिए एफएलसी कार्य संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में नगरपालिका उप निर्वाचन के लिए एफएलसी कार्य संपन्न


छपरा में नगरपालिका उप निर्वाचन के लिए एफएलसी कार्य संपन्न


सारण, 08 जून (हि.स.)। नगरपालिका उप निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जिला स्कूल स्थित वेयरहाउस परिसर में चुनाव के लिए प्रयुक्त होने वाली बेल निर्मित एम 2 मॉडल की ईवीएम मशीनों का प्रथम स्तरीय जांच कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अभियंता असलम ने मास्टर प्रशिक्षकों के सहयोग से सभी मशीनों की सूक्ष्मता से जांच की।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वेयरहाउस को खोला गया। इस दौरान कुल 40 सेट मशीनों 40 बैलेट यूनिट और 40 कंट्रोल यूनिट की जांच की गई। जांचकर्ताओं ने सर्वप्रथम मशीनों का भौतिक सत्यापन कर खराब पार्ट्स को बदला। इसके बाद कंट्रोल यूनिट के कैंडिडेट सेट, क्लोज, रिजल्ट, क्लियर और बैलेट बटन के साथ-साथ बीप की आवाज और एलईडी लाइट्स की सक्रियता जांची गई। वहीं बैलेट यूनिट के सभी 16 बटन वायर और स्क्रीन को भी परखा गया।

जांच के बाद एफएलसी औके और एफएलसी नाॅट ओ के मशीनों पर संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंता के हस्ताक्षरयुक्त स्टीकर चिपकाए गए और उन्हें मोबाइल ऐप से स्कैन कर आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। अंत में सभी मशीनों को पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की मौजूदगी में वेयरहाउस में सुरक्षित सील कर दिया गया।

सारण जिले के परसा बाजार नगर पंचायत वार्ड 6 व 7 और दिघवारा नगर पंचायत वार्ड 3 में वार्ड सदस्यों की मृत्यु के बाद रिक्त सीटों पर उप चुनाव होना है। दोनों स्थानों के कुल 6 मतदान केंद्रों पर इन्हीं ईवीएम मशीनों से मतदान कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story