सारण में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च
सारण, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले में 25 जुलाई को कुछ राजनीतिक दलों द्वारा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च नगर थाना चौक से शुरू होकर नगरपालिका चौक, सरकारी बस स्टैंड, दरोगा राय चौक और हॉस्पिटल चौक होते हुए वापस नगर थाना चौक पर समाप्त हुआ।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सबका अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़, संपत्ति को नुकसान पहुँचाने या यातायात बाधित करने की इजाजत नहीं मिलेगी।
सोशल मीडिया पर भ्रामक व भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

