निर्धारित मूल्य पर ही मिलेगी खाद, कालाबाजारी और 'टैगिंग' पर रद्द होगा लाइसेंस
कटिहार,13 जुलाई (हि.स.)। जिले में खरीफ मौसम के दौरान किसानों को खाद (उर्वरक) की सुलभता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है।
निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने या कृत्रिम कमी पैदा करने वाले दुकानदारों का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाएगा। सोमवार को जिला कृषि पदाधिकारी की अध्यक्षता में थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में यह सख्त चेतावनी दी गई।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी उर्वरक कंपनियों और थोक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि खाद के साथ सूक्ष्म पोषक तत्व, कीटनाशक, जैव उत्पाद या कोई भी अन्य कृषि सामग्री जबरन न बेची जाए। किसानों को किसी अतिरिक्त उत्पाद को खरीदने के लिए बाध्य करना पूरी तरह से नियम विरुद्ध है। शिकायत मिलने पर संबंधित कंपनी और विक्रेता दोनों पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, सभी अनुमंडल और प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खाद दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और स्टॉक व मूल्य सूची का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद खरीदें। प्रत्येक खरीद पर दुकानदार से अनिवार्य रूप से कैश मेमो (पक्की रसीद) मांगें। यदि कोई भी विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगता है या टैगिंग के लिए दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी या जिला कृषि कार्यालय को दें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है और निरंतर आपूर्ति जारी है, इसलिए किसान अनावश्यक रूप से खाद का भंडारण न करें। जिले में खाद का वर्तमान स्टॉक यूरिया: 9194.89 मीट्रिक टन, डीएपी : 3719.40 मीट्रिक टन, एम.ओ.पी.: 2644.605 मीट्रिक टन,
एन.पी.के.: 8370.33 मीट्रिक टन और एस.एस.पी.: 1948.95 मीट्रिक टन है।
बैठक के अंत में जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी खाद विक्रेताओं को निर्देश दिया कि वे रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति किसानों को जागरूक करें और उन्हें जैव उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

