पांच साल के समसाद के दिल को मिलेगी नई जिंदगी, होगी ओपन हार्ट सर्जरी

WhatsApp Channel Join Now
पांच साल के समसाद के दिल को मिलेगी नई जिंदगी, होगी ओपन हार्ट सर्जरी


किशनगंज, 11 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत किशनगंज जिले के एक और बच्चे को गंभीर बीमारी से उबरने की उम्मीद मिली है। कोचाधामन प्रखंड के पटकोई कला निवासी पांच वर्षीय समसाद आलम को जन्मजात हृदय रोग के उपचार के लिए बुधवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) भेजा गया। बच्चे की ओपन हार्ट सर्जरी 12 नवंबर को निर्धारित है।

स्वास्थ्य विभाग की पहल से बच्चे को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। समसाद, आफताब आलम का पुत्र है। जन्मजात हृदय रोग की जानकारी मिलने के बाद परिवार उसकी चिकित्सा को लेकर चिंतित था। महंगे ऑपरेशन का खर्च उठाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में आरबीएसके के माध्यम से उपचार की सुविधा मिलने से परिजनों को काफी राहत मिली है।

समसाद के पिता आफताब आलम ने कहा कि बेटे की बीमारी का पता चलने के बाद से पूरा परिवार परेशान था। ऑपरेशन के खर्च की चिंता सता रही थी। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि निजी स्तर पर इतना महंगा इलाज करा सकें। सरकारी स्वास्थ्य विभाग की मदद से बड़े अस्पताल में उपचार का अवसर मिला है। अब परिवार को बेटे के सफल ऑपरेशन और स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद है।जिला स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, आरबीएसके के माध्यम से अब तक किशनगंज जिले के 34 बच्चों की हृदय संबंधी सर्जरी कराई जा चुकी है। कार्यक्रम के तहत बच्चों में जन्मजात बीमारियों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाता है। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि आर्थिक कठिनाई या दूरी किसी बच्चे के उपचार में बाधा नहीं बननी चाहिए। वहीं सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जरूरतमंद बच्चों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समसाद का उपचार इसी सरकारी पहल का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story