लगभग 9.95 लाख रुपये की कीमती वस्तुएं और नशीले पदार्थ के साथ पांच लोग गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लगभग 9.95 लाख रुपये की कीमती वस्तुएं और नशीले पदार्थ के साथ पांच लोग गिरफ्तार


भागलपुर, 07 मार्च (हि.स.)। रेलवे परिसरों और ट्रेनों में अपराध और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियानों के तहत मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल ने मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन और अशिम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ के पर्यवेक्षण में किए गए अभियानों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।

एक विशेष अभियान के दौरान सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों ने पैसेंजर्स की संपत्ति की चोरी में शामिल पांच (05) व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सोने और चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी और चोरी करने के लिए इस्तेमाल किए गए विभिन्न उपकरण जैसे ब्लेड, चाकू, प्लायर, कटर और स्क्रूड्राइवर बरामद किए गए। बरामद वस्तुओं का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 7,60,000 रुपया है। उधर ऑपरेशन नार्कोस के तहत किए गए एक अन्य अभियान में मालदा के आरपीएफ क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच के अधिकारी और कर्मचारी आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के साथ मिलकर तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 13032 जयनगर – हावड़ा एक्सप्रेस के एक जनरल कोच से संदिग्ध मादक पदार्थ (गांजा) से भरा एक अनक्लेम्ड बैग बरामद किया। जांच के दौरान बैग के अंदर लगभग 4.7 किलोग्राम वजन के चार पैकेट पाए गए, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग 2,35,000 रुपया है।

कुल मिलाकर, इन अभियानों के दौरान 05 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी, चोरी के उपकरण और संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए गए। गिरफ्तार व्यक्तियों और बरामद सामग्री को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित जीआरपी अधिकारियों को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story