पत्रकारिता के आड़ में अवैध वसूली करते पांच लोग गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पत्रकारिता के आड़ में अवैध वसूली करते पांच लोग गिरफ्तार


भागलपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में पत्रकारिता और माइक का धौंस दिखाकर पैसा वसूली करने वाले एक बड़े गिरोह का भागलपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जोगसर थाना क्षेत्र के मानिक सरकार चौक स्थित '2.0 रेस्टोरेंट' में खुद को पत्रकार बताकर अवैध रूप से पैसा मांग रहे 5 शातिर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई ने शहर के उन तत्वों में हड़कंप मचा दिया है जो मीडिया की आड़ में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे। वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि मानिक सरकार चौक स्थित रेस्टोरेंट में कुछ लोग पत्रकार बनकर संचालक को डरा-धमका रहे हैं और अवैध पैसों की मांग कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01) की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जोगसर थानाध्यक्ष मंटू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल '2.0 रेस्टोरेंट' में छापेमारी की। वहां पुलिस को देख फर्जी पत्रकार भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर 5 पुरुषों को दबोच लिया गया। हालांकि, इस गिरोह में शामिल दो महिला अपराधी चकमा देकर फरार होने में सफल रहीं।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी भागलपुर जिले के ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। जिसमें गौतम कुमार गर्जना, अरविन्द कुमार, अजय कुमार, संजीव मिश्रा और शमीम उल्लाह शामिल है।रेस्टोरेंट के संचालक अभिषेक कुमार ने इन जालसाजों की धमकियों के आगे झुकने के बजाय कानून का सहारा लिया। उनके लिखित आवेदन पर जोगसर थाने में कांड संख्या-87/2026 दर्ज की गई है। एफआईआर में कुल 7 लोगों (5 पुरुष और 2 महिलाएं) को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि फरार दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में जोगसर थानाध्यक्ष मंटू कुमार, पु०अ०नि० योगेश कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। भागलपुर पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति पत्रकार या अधिकारी बनकर अवैध वसूली का प्रयास करे, तो डरे नहीं और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। उक्त आशय की जानकारी बीते देर रात एसएसपी कार्यालय से दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story