पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ


भागलपुर, 20 जून (हि.स.)।

भागलपुर मानिकपुर दुर्गा मंदिर में कलश शोभायात्रा के साथ शनिवार से पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हो गया।

गाजे-बाजे, घुड़सवार दल और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के साथ ही मानिकपुर और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कलश शोभायात्रा कमलनगर कॉलोनी, मोहद्दीनगर दुर्गा मंदिर और मिरजानहाट होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्रों और आकर्षक घुड़सवार दल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा का आवाहन कर प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। मुख्य यजमान बब्बन मिश्रा एवं उनकी धर्मपत्नी नूतन मिश्रा के नेतृत्व में पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

उल्लेखनीय है कि 1982 में मानिकपुर दुर्गा स्थान की स्थापना हुई थी। आयोजकों के अनुसार पांच दिवसीय महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, भागलपुर सदर अनुमंडल प्रशासन तथा मानिकपुर दुर्गा मंदिर समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story