माँझी पुल से सरयू नदी में कूदी युवती को मछुआरों ने बचाया
सारण, 18 अप्रैल (हि.स.)। माँझी स्थित जयप्रभा सेतु पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने अचानक सरयू नदी की तेज धारा में छलांग लगा दी। पास में ही मछली पकड़ रहे मछुआरों ने युवती को नदी में गिरते देख मछुआरों ने अपनी नाव गहरे पानी की ओर मोड़ दी। कड़ी मशक्कत के बाद डूब रही युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलते ही माँझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोशी की हालत में युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक युवती की स्थिति अब खतरे से बाहर है। युवती की पहचान माँझी नगर पंचायत के मियाँ पट्टी निवासी के रूप में हुई है।
घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। माँझी थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है आवेदन मिलने पर मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

