पूर्णिया जंक्शन पर पहली बार पहुंची दिल्ली–गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस, विधायक खेमका ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
पूर्णिया जंक्शन पर पहली बार पहुंची दिल्ली–गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस, विधायक खेमका ने किया स्वागत


पूर्णिया, 19 जून (हि.स.)।

पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पहली बार नई दिल्ली–गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस (12424) के आगमन पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ट्रेन के चालक एवं गार्ड का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि कटिहार–किशनगंज के बीच नई रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य के कारण वर्तमान में अस्थायी रूप से गुवाहाटी एवं न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) से चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन होकर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन स्थायी रूप से पूर्णिया जंक्शन के रास्ते हो, इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री एवं बिहार के मुख्यमंत्री से पत्राचार किया गया है।

विधायक ने कहा कि पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उन्नत बनाने, जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस के पूर्णिया जंक्शन पर आगमन-प्रस्थान समय में परिवर्तन कराने तथा पूर्णिया से लंबी दूरी की नई ट्रेनों के परिचालन के लिए भी उनका प्रयास लगातार जारी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही नई दिल्ली–गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का नियमित परिचालन भी पूर्णिया स्टेशन होकर होगा, जिससे सीमांचल के लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नया आयाम प्राप्त होगा।

राजधानी एक्सप्रेस के स्वागत समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, विनय शाह, विजय मांझी, राजेश गोस्वामी, पवन सहनी, रुपेश शर्मा, पप्पू पासवान, मुकेश मिश्रा, संजय पटवा सहित स्टेशन, जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारी तथा स्थानीय रेल यात्री उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story