सावन की पहली सोमवारी, शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हर-हर महादेव से गूंजे मंदिर

WhatsApp Channel Join Now
सावन की पहली सोमवारी, शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हर-हर महादेव से गूंजे मंदिर


सावन की पहली सोमवारी, शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हर-हर महादेव से गूंजे मंदिर


भागलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन की पहली सोमवारी पर आज जिले के तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। पूरा माहौल शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

शहर के ऐतिहासिक बूढ़ानाथ मंदिर में सुबह तीन बजे से ही पट खुलते ही भक्तों की भीड़ जुट गई। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। वहीं सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ मंदिर उत्तरवाहिनी गंगा तट पर स्थित इस मंदिर में कांवरियों और स्थानीय भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा।

मनसकामेश्वरनाथ मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और श्रद्धालुओं की कतारें मुख्य सड़क तक पहुंच गईं। मंगला आरती के बाद से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। हर प्रमुख मोड़ और मंदिर परिसर में पुलिस बल के साथ सीसीटीवी से निगरानी रखी गई।

स्थानीय कमेटियों ने श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और चिकित्सा की व्यवस्था की। सावन की पहली सोमवारी को लेकर रविवार रात से ही सुल्तानगंज गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लाखों श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर बाबा अजगैबीनाथ पर जल चढ़ाया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा जल भरकर देवघर (झारखंड) स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा भी शुरू की।

वहीं सुबह से ही शिवालयों के बाहर लगी पूजन सामग्री की दुकानों पर भारी भीड़ रही। भक्तों ने बाबा भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, गाय का दूध, अक्षत, चंदन और मदार के फूल चढ़ाए। कांवरियों और भक्तों के गेरुआ और पीले वस्त्रों से पूरा जिला शिवमय नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story