अमरनाथ यात्रा के लिए छपरा से पहला जत्था रवाना
सारण, 03 जुलाई (हि.स.)। जय बाबा भोले भंडारी सेवा दल छपरा के तत्वावधान में अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था आज सारण की धरती से रवाना हो गया। इस अवसर पर छपरा जंक्शन का माहौल पूरी तरह शिवमय में नजर आया। स्टेशन परिसर बाबा बर्फानी के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
सेवा दल के सदस्य नवीन कुमार सिंह मुन्नू ने बताया कि संस्था के सदस्य पिछले दो-तीन महीनों से ही इस यात्रा की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित हो जाते हैं। अमरनाथ जाने वाले सभी भक्तों की चिकित्सीय जांच और सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई को समय से पूरा कराया जाता है।
इसके उपरांत यात्रा टिकट, रूट चार्ट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के बाद प्रस्थान की तिथि निर्धारित की जाती है। तय कार्यक्रम के अनुसार आज 500 सदस्यों का पहला जत्था छपरा जंक्शन से यात्रा के लिए रवाना हुआ।
प्रस्थान से पूर्व छपरा जंक्शन पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर सेवा दल की ओर से एक भंडारे का आयोजन किया गया।
जंक्शन पर मौजूद सभी श्रद्धालुओं और आम यात्रियों ने श्रद्धा भाव से बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण के बाद जैसे ही ट्रेन रवाना होने का समय हुआ, पूरा स्टेशन परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा बर्फानी के जयघोष से गुंजायमान हो उठा, जिससे वहां मौजूद हर व्यक्ति भक्ति के रंग में रंग गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सेवा दल बेहद सतर्क है। नवीन कुमार सिंह ने जानकारी दी कि पूरी यात्रा के दौरान ट्रेन में ही सभी भक्तों के लिए सुबह का नाश्ता, शुद्ध भोजन, चाय-पानी के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति के लिए प्राथमिक उपचार की संपूर्ण व्यवस्था की गई है।
इन तमाम प्रबंधों को सुचारू रूप से चलाने के लिए छपरा के आम नागरिकों और शिव भक्तों द्वारा जन-सहयोग किया जाता है। संस्था का मुख्य उद्देश्य है कि क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में लोग बिना किसी असुविधा के बाबा बर्फानी के दर्शन कर पुण्य के भागी बनें।
इस यात्रा पर जा रहे इन श्रद्धालुओं को विदा करने और अपनी शुभकामनाएं देने के लिए छपरा शहर के पूर्व विधायक डॉ सी एन गुप्ता, बजरंग दल के पूर्व प्रदेश संयोजक राहुल मेहता, मंटू बाबा, राजेश रीबॉक, अमित कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक जंक्शन पर उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

