सुपौल में गोली लगने से घायल बुजुर्ग की मौत, पुत्र समेत दो गिरफ्तार
सुपौल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में गोली लगने से घायल 75 वर्षीय लक्ष्मण पंडित की इलाज के दौरान मौत हो गई। रात करीब दो बजे सहरसा के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बीते 10 अक्टूबर की रात लक्ष्मण पंडित को उनके पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के पोते सतीश पंडित ने गोली मार दी थी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजन के मुताबिक, पिछले 12 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने प्रतापगंज थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरालाल पंडित और उसके पुत्र सतीश पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। लक्ष्मण पंडित की मौत की सूचना मिलने के बाद प्रतापगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आगे की कार्रवाई शुरू की। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

