नशा मुक्ति केंद्र में फायरिंग और लूटपाट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कटिहार, 30 जून (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के के.बी. झा कॉलेज के सामने स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में घुसकर मारपीट, अंधाधुंध फायरिंग और लैपटॉप लूटने के मुख्य आरोपी को कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मानवीय सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर मुख्य अभियुक्त को नयाटोला इलाके से दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार (29 जून) तड़के करीब 03:45 बजे की है। उम्मीद फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में कार्यरत कर्मी शिमांशु कुमार (26 वर्ष, निवासी लोहिया नगर) ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। पीड़ित के अनुसार, केंद्र में पूर्व में इलाज करा चुका नयाटोला निवासी राजीव रंजन उर्फ बॉबी यादव अपने दो अज्ञात सहयोगियों के साथ अचानक कार्यालय में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
कार्यालय में दहशत फैलाने के उद्देश्य से आरोपी बॉबी यादव ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी कार्यालय में रखा लैपटॉप उठाकर भागने लगे। जब केंद्र के कर्मियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या-730/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता और शहर में कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कटिहार ने तुरंत संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), कटिहार-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर लगातार छापेमारी कर मुख्य अभियुक्त राजीव रंजन उर्फ बॉबी यादव (27 वर्ष), पिता- सुरेश प्रसाद यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल इस मामले में शामिल अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

