आगजनी में आधा दर्जन दुकानें जलकर राख,लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
आगजनी में आधा दर्जन दुकानें जलकर राख,लाखों का नुकसान


अररिया, 18 अक्टूबर(हि.स.)। जिला के सिमराहा रेणु प्रतिमा स्थल चौक स्थित दुकानों में शनिवार की मध्य रात्रि बाद अचानक लगी आग से आधा दर्जन दुकानें जल कर राख हो गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व जिप सदस्य दिलीप पटेल, मुखिया प्रतिनिधि आफताब आलम उर्फ चुन्ना ने बताया कि अगलगी की घटना में फल, सब्जी,भुजा, नाश्ता की दुकानें जली है। आग लगने की सूचना पर स्थानीय लोगों एवं सिमराहा पुलिस के द्वारा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन जब तक घटनास्थल पर दमकल पहुंचती तब तक सबकुछ जलकर राख हो गया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित दुकानदारों में मो. रईस, मो.इस्माईल, असहाब, राकेश चौधरी, शिवकुमार मंडल, तिलक पासवान आदि लोग शामिल है। पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि उन लोगों का हजारों का नुकसान हुआ है। दुकान चलाकर ही उन लोगों का भरण पोषण होता था। दुकान के जल जाने से रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है।वही इस अगलगी की घटना में निकट के शिव मंदिर प्रांगण स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिमराहा थानाध्यक्ष सह पुनि प्रेम कुमार भारती सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू करने के प्रयास में जुट गए। वही घटना स्थल पर मौजूद जिप सदस्य एवं मुखिया प्रतिनिधि ने पीड़ित दुकानदारों से मिलकर आग लगने की घटना की जानकारी ली तथा अंचल पदाधिकारी फारबिसगंज को घटना की जानकारी दी।वही सिमराहा में दमकल की व्यवस्था नही रहने से लोगों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों और ग्रामीण जन प्रतिनिधियों ने बताया कि सिमराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में बराबर अगलगी की घटना होती रहती है। ऐसे में थाना में एक दमकल की काफी आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763055 Articles

Share this story