दिघवारा में कबाड़ी गोदाम में आग

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 26 जून (हि.स.)। दिघवारा थाना क्षेत्र के पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित एक कबाड़ी गोदाम में मध्य रात्रि भीषण आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में देखते ही देखते लाखों रुपये की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई। घटना के बाद से ही स्थानीय इलाके में पूरी तरह अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने गोदाम में रखे प्लास्टिक और भारी मात्रा में सूखे कागज को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया। रात्रि करीब 12 बजे लगी इस आग की लपटों को देखकर आसपास के दर्जनों घरों के लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और पूरी रात रतजगा करने को मजबूर हुए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दिघवारा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची स्थानीय दमकल गाड़ी शुरुआत में आग बुझाने में नाकाफी साबित हुई। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोनपुर, दरियापुर और रेल चक्का कारखाना से भी दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।

ग्रामीणों और अग्निशमन दल के तीन घंटे के सामूहिक प्रयास के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि आग बुझाने में थोड़ी भी और विलंब होती, तो पास की घनी बस्ती में फैलने से जनहानि हो सकती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story