बेनीपुर के फर्नीचर उद्योग में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
दरभंगा, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के आशापुर स्थित काजल फर्नीचर उद्योग में गुरुवार की अहले सुबह लगभग तीन बजे अचानक आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। इस घटना में तैयार और अर्धनिर्मित सभी फर्नीचर जलकर राख हो गए। आग से लगभग छह से सात लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार सनोज शर्मा ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। जब वे अपने घर नंदापट्टी से आशापुर स्थित दुकान पर पहुंचे, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी।
घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखी सभी सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी सनोज शर्मा ने आवेदन देकर प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

