त्योहारों पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, शहर के 17 संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे दमकल वाहन
भागलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए भागलपुर अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों और संवेदनशीलता का आकलन करते हुए पूरे शहर को तीन स्तरों (लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3) में विभाजित किया है। इसके तहत कुल 17 चिह्नित स्थानों पर दमकल वाहनों की प्री-पोजिशनिंग की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर आग बुझाई जा सके। लेवल-1 (अति संवेदनशील): इसमें शहर के सबसे संवेदनशील 7 स्थानों को शामिल किया गया है। यहां 7 नवंबर से लेकर 11 नवंबर (काली पूजा विसर्जन) तक 24 घंटे दमकल की गाड़ियां तैनात रहेंगी। लेवल-2 (पीक आवर्स निगरानी): इसके तहत 6 स्थानों को चिह्नित किया गया है। यहां दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक (भीड़भाड़ और आतिशबाजी के मुख्य समय में) दमकल वाहन मुस्तैद रहेंगे। लेवल-3 (लगातार गश्ती): इसमें 4 स्थानों को रखा गया है, जहां अग्निशमन विभाग के वाहन लगातार पेट्रोलिंग (गश्त) करते रहेंगे। अग्निशमन विभाग ने शहरवासियों से सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से दीपावली मनाने का आग्रह किया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक आतिशबाजी और खतरनाक पटाखों के इस्तेमाल से बचें। साथ ही, आगजनी की किसी भी घटना की सूचना बिना देरी किए तुरंत अग्निशमन विभाग को दें। वहीं रमन राज जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के रिकॉर्ड को देखते हुए शहर को तीन लेवल में बांटा गया है। 17 संवेदनशील जगहों पर वाहनों की प्री-पोजिशनिंग इस तरह की गई है कि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके। लोग सावधानी से त्योहार मनाएं और किसी भी दुर्घटना की सूचना तुरंत दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

