भागलपुर में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट: 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम, पंडालों में सुरक्षा मानकों की जांच तेज

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट: 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम, पंडालों में सुरक्षा मानकों की जांच तेज


भागलपुर में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट: 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम, पंडालों में सुरक्षा मानकों की जांच तेज


भागलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में दुर्गा पूजा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। एक तरफ जहां पूजा समितियां पंडालों और मूर्तियों को अंतिम रूप देने में चौबीसों घंटे जुटी हैं, वहीं दूसरी तरफ त्योहार के दौरान अगलगी की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए विभाग ने 24 घंटे संचालित होने वाला विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके साथ ही, जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज खुद विभिन्न पूजा पंडालों का लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं और आयोजकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दे रहे हैं।

अग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों के लिए कड़े सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि प्रत्येक पूजा पंडाल में अग्निशमन यंत्र, पानी से भरे ड्रम और बालू की बोरियां रखना अनिवार्य कर दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आयोजक केवल सजावट और रोशनी पर ध्यान न दें, बल्कि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें। पंडालों में आग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पहले से होने चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

पूजा पंडालों में भव्य सजावट और रोशनी के लिए व्यापक स्तर पर अस्थायी वायरिंग की जाती है, जिससे शॉर्ट सर्किट और दुर्घटनाओं का खतरा सबसे अधिक रहता है। इसे देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तकनीकी पहलुओं पर विशेष हिदायत दी है।

अस्थायी वायरिंग की जांच सभी पूजा समितियां मुख्य बिजली लाइन और पंडाल की वायरिंग की पूरी तरह जांच करवाएं। बिजली के तारों में कहीं भी जोड़ खुला नहीं होना चाहिए। सभी जोड़ों पर अच्छी गुणवत्ता का इंसुलेशन टेप अनिवार्य है। पंडाल के भीतर या आसपास खाना बनाने, हैलोजन लाइट को कपड़ों/पर्दों के पास रखने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

दुर्गा पूजा के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए अगलगी या किसी भी अन्य आपात स्थिति पर त्वरित कार्रवाई के लिए अग्निशमन विभाग ने राउंड द क्लॉक (24 घंटे) कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया है। जैसे ही किसी पंडाल या क्षेत्र से आपातकालीन सूचना मिलेगी, दमकल की गाड़ियां और फायर फाइटर्स की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो जाएगी।

उल्लेखनीय है कि भागलपुर और इसके आसपास के इलाकों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अग्निशमन विभाग का यह सघन निरीक्षण, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और बिजली वायरिंग की कड़े स्तर पर जांच संभावित हादसों के जोखिम को शून्य करने में बेहद सहायक साबित होगी।

विभाग ने सभी पूजा समितियों से अपील की है कि वे इन नियमों को बोझ न समझें, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता मानते हुए प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759880 Articles

Share this story