फायर ब्रिगेड का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सुपौल, 15 अप्रैल (हि.स.)। त्रिवेणीगंज में अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) द्वारा बुधवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग से बचाव, आग लगने की स्थिति में तुरंत उठाए जाने वाले कदमों तथा प्राथमिक सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को फ्लाइंग पी लगाया गया, उसके बाद लाइन में बच्चों को प्रभात फेरी कराया गया। इसके उपरांत मंगल बाजार से प्राइवेट स्कूल के बच्चों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई, जो मेन रोड, थाना रोड आदि जगहों का भ्रमण करते हुए लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान आग से बचाव को लेकर नारे भी लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस सिलेंडर, बिजली के शॉर्ट सर्किट और अन्य कारणों से लगने वाली आग से बचाव के उपाय विस्तार से बताए। साथ ही आग बुझाने के आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें।
आग से सावधान, जीवन का रखें ध्यान
सावधानी ही सुरक्षा है, आग से बचाव ही रक्षा है, आग लगे तो घबराएं नहीं, तुरंत मदद बुलाएं सही, सिलेंडर और बिजली का रखें ध्यान, तभी रहेगा सुरक्षित आपका मकान, छोटी लापरवाही, बन सकती बड़ी तबाही, आग से बचाव अपनाएं, सुरक्षित जीवन पाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

