अग्नि प्रवण काल को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
अग्नि प्रवण काल को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान


अररिया 28 मई(हि.स.)। अग्नि प्रवण काल को देखते हुए जिला अग्निशमन कार्यालय के माध्यम से गुरुवार को विभिन्न गांवों में आग से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अग्निशमन कर्मी रंजित कुमार, दीपक कुमार, रोहित कुमार एवं नेहा कुमारी द्वारा विभिन्न गांवों में पहुंचकर आम लोगों एवं जीविका दीदी समूह के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोगों को आग लगने की घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि गर्मी एवं तेज हवा के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी अग्निकांड की घटना का कारण बन सकती है। लोगों से अपील की गई कि घरों में बिजली के तारों की नियमित जांच कराएं, गैस सिलेंडर एवं चूल्हे का सावधानीपूर्वक उपयोग करें तथा ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखें।

अभियान के दौरान आग लगने की स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने, भीड़ नहीं लगाने तथा प्राथमिक स्तर पर सुरक्षित तरीके से आग बुझाने के उपायों की जानकारी भी दी गई। जीविका दीदी समूह की महिलाओं को घर एवं गांव स्तर पर अन्य लोगों को भी जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story