होटलों एवं अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा ऑडिट को लेकर विशेष अभियान
अररिया 07 जून(हि.स.)।
जिले के सभी होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, अस्पताल, निजी नर्सिंग होम एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।जिसके तहत विभिन्न होटलों,गेस्ट हाउस,अस्पताल और लॉज में अग्निशमन विभाग के द्वारा रविवार को जांच किया गया।
अग्निशमन विभाग द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जिन अस्पतालों, होटलों एवं अन्य संस्थानों का अब तक अग्नि सुरक्षा ऑडिट नहीं हुआ है, उनका हर हाल में 48 घंटे के भीतर ऑडिट कराया जाए।
संबंधित संस्थानों के संचालकों को ऑडिट टीम के साथ पूर्ण सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिन संस्थानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट पहले ही किया जा चुका है, उन्हें 7 दिनों के भीतर सभी कमियों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों का निराकरण नहीं किया जाता है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सीलिंग एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिला अंतर्गत जिन संस्थानों का अब तक ऑडिट नहीं हुआ है, उनका 48 घंटे के भीतर ऑडिट कराते हुए एक सप्ताह का समय अनुपालन के लिए दिया जाएगा।
इसके बाद भी यदि निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाता है, तो अगले 15 दिनों के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने का अंतिम अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके बावजूद भी अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित अस्पतालों, होटलों एवं अन्य संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई प्रारंभ करने हेतु मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार प्रसाद द्वारा फारबिसगंज सिटी हेल्थ हॉस्पिटल एवं जोगबनी में भारत सिटी हॉस्पिटल की जांच की गई एवं सभी आवश्यक मानकों पर महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

