लड़कियों के लापता होने की शिकायत पर तुरंत दर्ज होगी प्राथमिकी: एसडीपीओ

WhatsApp Channel Join Now
लड़कियों के लापता होने की शिकायत पर तुरंत दर्ज होगी प्राथमिकी: एसडीपीओ


किशनगंज, 08 जून (हि.स.)। लड़कियों के लापता होने अथवा अपहरण की सूचना को पुलिस गंभीरता से लेगी और ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने में किसी प्रकार की देरी नहीं की जाएगी। यह निर्देश एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित पहली क्राइम मीटिंग के दौरान संबंधित थानाध्यक्षों को दिया।

बैठक में सदर, कोचाधामन, बहादुरगंज, बिशनपुर, महिला, टेढ़ागाछ, एससी-एसटी, यातायात एवं फतेहपुर थाना के थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीपीओ वन की यह पहली अपराध समीक्षा बैठक थी, जिसमें विभिन्न कांडों की प्रगति और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की गई।

एसडीपीओ ने कहा कि बालिग या नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत मिलने पर पुलिस महज औपचारिकता न निभाए, बल्कि तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित जांच शुरू करे ताकि सही तथ्यों का जल्द पता लगाया जा सके।

उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को समय पर कांडों का निष्पादन कर न्यायालय में आरोपपत्र समर्पित करने का निर्देश दिया, जिससे अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से शीघ्र सजा दिलाई जा सके। बैठक में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। एसडीपीओ ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि सदर थाना पश्चिम बंगाल की सीमा के निकट स्थित है, जिसके कारण शराब तस्करी की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सभी चेकपोस्टों पर निगरानी बढ़ाने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लंबित कांडों के निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी, विशेष अभियान चलाने तथा वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

साथ ही थानाध्यक्षों को थाना आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और न्यायालय संबंधी मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। वाहन जांच अभियान के दौरान हेलमेट जांच को भी अनिवार्य बताते हुए एसडीपीओ ने बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर जुर्माना लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को संवेदनशीलता और सख्ती दोनों के साथ कार्य करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story