मवेशी लदे ट्रक को रिश्वत लेकर छोड़ने का आरोप, निलंबित थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों पर FIR
किशनगंज, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पशु तस्करी के मामले में मवेशी लदे ट्रक को कथित तौर पर अवैध वसूली कर छोड़ने के आरोप में किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पाठामारी थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक गंगा प्रसाद गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार और चालक सिपाही पवन कुमार समेत पशु तस्करों, लाइनरों, एंट्री माफिया और उनके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 17 और 18 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि की है।
आरोप है कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास मवेशियों से लदे एक ट्रक को तत्कालीन पाठामारी थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों ने रोका था। इसके बाद कथित तौर पर पशु तस्करों और एंट्री माफिया से साठगांठ कर अवैध वसूली एवं रिश्वत लेकर ट्रक को छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह से जांच कराई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर गंगा प्रसाद गुप्ता, सुनील कुमार और पवन कुमार को संदिग्ध आचरण, अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के आरोप में 22 सितंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
इसके बाद विस्तृत जांच के क्रम में पशु तस्करों, लाइनरों और एंट्री माफिया के साथ कथित आपराधिक साठगांठ तथा भयादोहन और अवैध वसूली के आरोप सामने आए। इसके आधार पर ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 296/26, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 308(2), 308(5) और 3(5) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इस मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपित पुलिसकर्मियों, तस्करों और कथित बिचौलियों की भूमिका की जांच करेगी। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

