सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट मामले में एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट मामले में एफआईआर


किशनगंज, 27 जून (हि.स.)। नगर परिषद के मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान की शिकायत पर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं अपमानजनक पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में सदर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि इम्तियाज नसर और दीप चंद रविदास नामक व्यक्तियों द्वारा फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार ऐसे वीडियो और पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य उनकी सार्वजनिक छवि को धूमिल करना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के माध्यम से सरकार, प्रशासन और नगर परिषद के खिलाफ भी भ्रामक प्रचार-प्रसार कर लोगों को गुमराह एवं उकसाने का प्रयास किया गया। साथ ही संबंधित वीडियो और पोस्ट को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की गई, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची है। आवेदन में मुख्य पार्षद ने 24 जून 2026 की एक घटना का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, उस रात करीब नौ बजे फरिंगगोला उत्पाद चेक पोस्ट पर उनके वाहन संख्या WB73T2231 को नियमित जांच के लिए रोका गया था। इस दौरान उन्होंने ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई थी और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न हुई थी। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर भ्रामक दावे किए जा रहे हैं।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपितों के फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित पोस्ट और वीडियो की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story